लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
निशान यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
चौमहला, झालावाड़। झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में श्री खाटू श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में श्री खाटू श्याम मंदिर पर फागोत्सव एवं विशाल भक्ति संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति का रंग बिखेरा।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री राम-हनुमान मंदिर से बाबा की आरती के साथ निशान यात्रा निकालकर की गई। यह यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई खाटू श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह भक्तजनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
श्याम प्रेमी महिलाएं एवं पुरुष हाथों में निशान थामे भजनों पर झूमते-नाचते बाबा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। समाजसेवी ज्ञान चंद मावा वाला ने रथ पर विराजित बाबा खाटू श्याम की प्रतिमा की आरती कर माल्यार्पण किया तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी स्वरूप आइसक्रीम वितरित की।
मंदिर पहुंचने पर फागोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें अबीर-गुलाल की वर्षा के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। वातावरण ‘श्याम नाम’ के जयकारों से गूंज उठा।
आयोजन की अगली कड़ी में रात्रि को मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजकों ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
