लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अलाय (प्रदीप कुमार डागा)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अलाय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विशेष शिविर के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्य जीवराज सोनी ने बताया कि एनएसएस से जुड़ने पर विद्यार्थियों में स्वावलंबन, नेतृत्व कौशल, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव रखने और स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अधिकारी बजरंग चौधरी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश ने हमें बहुत कुछ दिया है, अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम भी देश के लिए योगदान दें।
श्रमदान के दौरान स्वयंसेवकों ने वॉलीबॉल मैदान, जल मंदिर क्षेत्र और विद्यालय परिसर के आसपास सघन सफाई अभियान चलाया। परिसर के पीछे गलियारे से प्लास्टिक और अन्य कचरा हटाया गया तथा पेड़-पौधों को पानी दिया गया। इसके अलावा कचौलिया धोरे स्थित लोकदेवता बाबा रामदेव जी महाराज के मंदिर परिसर में भी सफाई की गई।
स्वच्छता अभियान के बाद विद्यार्थियों ने अलाय गांव की चूरी फैक्ट्री का अवलोकन कर वहां की कार्यप्रणाली को समझा। भोजन सत्र के बाद स्वयंसेवकों ने सामूहिक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर बालकिशन निर्मल, छैलाराम, सुरेंद्र फुलवारिया, मंजूर अली कुरैशी, निंबाराम, सुरेश कुमार, संतोष कुमार उपाध्याय, पूजा सोनी, भोजाराम, पूजा बिश्नोई, पूनमचंद पारीक, दिनेश कुमार भाटी, भादर राम, लेखराम बिश्नोई, दिलीप जाणी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
