लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। राष्ट्र सेविका समिति भीलवाड़ा विभाग द्वारा प्रारंभिक शिक्षा वर्ग का आयोजन शीतकालीन अवकाश में 25 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक आदर्श विद्या मंदिर, शास्त्री नगर, भीलवाड़ा में किया जा रहा है।
राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत तरुणी प्रमुख कीर्ति सोलंकी ने बताया कि 26 दिसंबर को प्रातः सभी सेविका बहनों ने हवन के साथ विधिवत वर्ग का आरंभ किया। इसके बाद प्रांत बौद्धिक प्रमुख सुशीला पारीक ने उद्घाटन सत्र में दिनचर्या और वर्ग में होने वाले शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक प्रशिक्षण की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि कांता हुरकट ने अपने उद्बोधन में शिक्षार्थियों से कहा कि इस शिक्षा वर्ग के माध्यम से वे शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से सुशिक्षित होने के साथ ही सुदृढ़ व्यक्तित्व की धनी बनेंगी। उन्होंने युवतियों से आग्रह किया कि अपनी अंतर्निहित शक्तियों का उपयोग कर श्रेष्ठ भारत के निर्माण में योगदान दें।
मुख्य वक्ता और भीलवाड़ा विभाग कार्यवाहिका मनीषा जाजू ने संगठन का परिचय देते हुए बताया कि राष्ट्र सेविका समिति विश्व का सबसे बड़ा मातृशक्ति संगठन है। इसका उद्देश्य मातृशक्ति को संगठित कर राष्ट्रहित के कार्यों में योगदान देना है। उनका कहना था कि स्त्री राष्ट्र की आधार शक्ति है और तेजस्वी हिंदू राष्ट्र के पुनर्निर्माण में इसका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने शिक्षार्थियों से आग्रह किया कि वे इस शिक्षा वर्ग में संयम, सहनशीलता और अनुशासन के साथ भाग लेकर अपने सुदृढ़ व्यक्तित्व का निर्माण करें।
इस प्रारंभिक शिक्षा वर्ग में प्रबंधिका, शिक्षिका और अधिकारी सहित लगभग 150 बहनें उपस्थित हैं। यह वर्ग मातृशक्ति को सशक्त बनाने और राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।













































