लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उत्पादों के बाज़ारीकरण हेतु तीन स्तरीय रणनीति बनाने के निर्देश
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क | जयपुर
(आर. एन. सांवरिया)
जयपुर। अलवर की राजीविका बहनों को भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र यादव से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर विशेष निमंत्रण पर मुलाक़ात का अवसर मिला। इस दौरान मंत्री यादव ने राजीविका समूहों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और बाज़ार उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मंत्री यादव ने अधिकारियों और वी-शक्ति ट्रस्ट को निर्देश देते हुए कहा कि राजीविका उत्पादों की स्पष्ट ब्रांड पहचान, उत्पादों के मूल्यवर्धन हेतु प्रशिक्षण, तथा बेहतर बाज़ार एवं विपणन नेटवर्क उपलब्ध करवाने के लिए तीन स्तरीय कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों को भी यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे कि राजीविका बहनों को उत्पाद विक्रय हेतु उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराए जाएँ।
राजीविका बहनों ने बताया कि अलवर सांसद खेल उत्सव तथा राजीविका–वी शक्ति मेले में भोजन सेवाओं के अवसर से उन्हें लगभग 15 लाख रुपये का ऑर्डर मिला, जबकि मेले में भी उनके उत्पादों की लाखों रुपये की बिक्री हुई। इससे उनके समूहों को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़ावा मिला है।
मुलाक़ात के दौरान बहनों ने मंत्री को अपने हस्तनिर्मित “बाजरे के लड्डू” और “राजीविका बहनों की पाती” भेंट की, जिसे उन्होंने उत्साहपूर्वक स्वीकार किया।
यह मुलाक़ात राजीविका बहनों के लिए नए बाज़ारी अवसरों, प्रशिक्षण सुविधाओं और व्यापक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।