लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना-2025
जयपुर – वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना-2025 के तहत चयनित यात्रियों की प्रथम एसी ट्रेन ‘राजस्थान वाहिनी भारत गौरव ट्रेन’ दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर संसदीय कार्य और जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 776 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। जयपुर, कोटपुतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा जिले से 500 यात्री दुर्गापुरा से रवाना हुए, जबकि भरतपुर संभाग से 100 यात्री सवाईमाधोपुर और कोटा संभाग से 176 यात्री सोगरिया रेलवे स्टेशन, कोटा से ट्रेन में शामिल हुए।
यह ट्रेन 3 सितंबर को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां वरिष्ठ नागरिक रामनाथ स्वामी मंदिर सहित 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद धनुषकोडी में मंदिर दर्शन करवाए जाएंगे। रामेश्वरम से अगले दिन सभी यात्रियों को ट्रेन से मदुरई लाया जाएगा, जहां वे मिनाक्षी मंदिर के दर्शन करेंगे। ट्रेन पुनः 08 सितंबर को जयपुर लौटेगी।
इस अवसर पर जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर हैं और उनके लिए तीर्थ यात्रा जीवनभर की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा अनुभव है।
कार्यक्रम में देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त रतनलाल योगी, अपर महाप्रबंधक आईआरसीटीसी योगेन्द्र सिंह गुर्जर और स्टेशन मास्टर दुर्गापुरा जेपी मीणा उपस्थित रहे।










































