Home latest राजस्थान: जनता जल योजना कर्मचारियों का जयपुर में जोरदार प्रदर्शन, सरकार को...

राजस्थान: जनता जल योजना कर्मचारियों का जयपुर में जोरदार प्रदर्शन, सरकार को दी चेतावनी

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

जयपुर, (आर एन सांवरिया)
राजस्थान जनता जल योजना कर्मचारी संघ, भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर जल भवन, जयपुर परिसर में प्रदेशव्यापी एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से लगभग 3000 कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे हुई जिसकी अध्यक्षता रामदेव रैगर (प्रदेश अध्यक्ष) और छोगाराम श्याम (कार्यकारी अध्यक्ष) ने की। इस मौके पर हरिमोहन शर्मा (प्रदेश महामंत्री, भारतीय मजदूर संघ) और इंद्राज गोटिया (प्रदेश महामंत्री, राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ) बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंताओं (प्रशासन एवं ग्रामीण) का घेराव किया। स्थिति के तीव्र होने पर विभाग की ओर से प्रतिनिधि मंडल को अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत से वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया। वार्ता के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

प्रमुख मांगों पर मिली सहमति:

श्रमिक श्रेणियों (अकुशल, अर्द्धकुशल, कुशल, उच्चकुशल) के अनुसार लाभ प्रदान करना

वर्ष 2012 से एरियर का वित्तीय प्रस्ताव तैयार करना

वर्ष 2016 की प्रस्तावित तकनीकी भर्ती में आयु व योग्यता में छूट देकर समावेश

संविदा सेवा नियम 2022 के तहत 4500 पदों पर नई भर्ती में जनता जल योजना कार्मिकों को प्राथमिकता देना

वार्ता के बाद डेलिगेशन ने धरनास्थल पर लौटकर कर्मचारियों को सरकार द्वारा दिए गए आश्वासन से अवगत कराया। इस दौरान छोगाराम श्याम ने कहा कि यदि सरकार ने इस बार भी कर्मचारियों के साथ न्याय नहीं किया, तो आगामी गर्मियों में सभी कर्मचारी पंप ऑपरेशन बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की होगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version