लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा – राजसमंद
राजसमंद : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान तेज़ी से चल रहा है। इसके तहत बीएलओ लगातार गांव–गांव और घर–घर पहुंचकर मतदाताओं के पहचान पत्र डिजिटल स्वरूप में अपडेट कर रहे हैं।
18 वर्ष के नए मतदाताओं से लेकर 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं तक—सभी के पहचान पत्र डिजिटल किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की संभावना समाप्त हो सके।
बीएलओ किशनलाल कुमावत, कैलाशचंद्र जाट, मुकेश रेगर, गोबरीलाल सहित टीमें गांवों में सर्वे कर आवश्यक दस्तावेज एकत्रित कर रही हैं। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और सत्यापन के फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। विशेष रूप से 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने सरकार और निर्वाचन विभाग की इस डिजिटल पहल की सराहना की और कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी व मतदान प्रक्रिया और मजबूत होगी।
ठंड के मौसम के बावजूद बीएलओ प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक लगातार गांवों में पहुंचकर डेटा एकत्र कर रहे हैं और मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं। यह अभियान पूरे जिले में जोर–शोर से जारी है।

















































