लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
होली थीम पर आकर्षक गिफ्ट हैम्पर, ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी
राजसमंद | (गौतम शर्मा)। होली पर्व के अवसर पर जिले में “राजसमंद राजसखी मेला” का शुभारंभ रविवार को द्वारकेश वाटिका में हुआ। यह मेला 22 से 28 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में ममता गुप्ता (पुलिस अधीक्षक), ब्रजमोहन बैरवा (सीईओ), जगदीश चन्द्र पालीवाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राजीविका की सुमन अजमेरा एवं कार्मिकों ने अतिथियों का स्वागत किया। शुभारंभ अवसर पर महिलाओं ने राजस्थानी लोकनृत्य और भवई नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
मेले की थीम “होली के रंग – राजीविका के संग” रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। मेले में प्रदेशभर के स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित 100 से अधिक प्रकार के उत्पाद प्रदर्शित एवं विक्रय के लिए उपलब्ध हैं।
होली को ध्यान में रखते हुए विशेष गिफ्ट हैम्पर तैयार किए गए हैं, जिनमें हर्बल गुलाल, चकरी, मटकी, ठंडाई, पलाश से बना केसरिया रंग, गोट मिल्क सोप और गुलाब शरबत सहित पारंपरिक सामग्री शामिल है। साथ ही आकर्षक पैकेज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मेले में दो हर्बल गुलाल के पैकेट मात्र 70 रुपये में उपलब्ध हैं।
यह आयोजन राजीविका एवं जिला प्रशासन, राजसमंद के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों ने आमजन से अपील की है कि वे मेले में पहुंचकर ग्रामीण महिलाओं के उत्पाद खरीदें और उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को प्रोत्साहित करें।
मेले में जिले के सातों ब्लॉकों की सैकड़ों राजसखी महिलाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा।



















































