लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कांकरोली पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद | ऐतिहासिक एवं संरक्षित धरोहर राजसमंद झील में अवैध रूप से मछली शिकार कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामले का संज्ञान लेते हुए कांकरोली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
कांकरोली थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सरोज बैरवा ने बताया कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक राजसमंद झील में अवैध रूप से मछली शिकार करता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देश पर कांकरेली थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने न केवल झील से संबंधित नियमों और प्रतिबंधों का उल्लंघन किया, बल्कि सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर युवाओं को गलत संदेश देने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, आमजन से अपील की गई है कि राजसमंद झील जैसी ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


















































