लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय, नागौर में गुरुवार को सात दिवसीय खेल सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की।
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में मोहनराम चौधरी ने कहा कि नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियां स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन के साथ भाग लेने का संदेश दिया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने कहा कि खेल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज नागौर के प्राचार्य डॉ. संदीप चौधरी ने अनुशासन को सफलता की पहली कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर भामाशाह राजेश चौधरी ने विजेताओं को प्रमाण पत्र, शील्ड एवं ट्रॉफी प्रदान करने की घोषणा की। एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य भंवरलाल डांगा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय के प्राचार्य खेमाराम लोयल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि उद्योगपति सुरेश राठी एवं लघु उद्योग भारती के उपाध्यक्ष भोजराज सारस्वत द्वारा खिलाड़ियों को निशुल्क खेल गणवेश उपलब्ध कराए गए हैं।
जिला कार्यक्रम समन्वयक हेमंत उज्जवल ने राज्य बजट 2026-27 में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के नए प्रावधानों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य विनोद व्यास ने आभार व्यक्त किया।
कॉलेज प्राचार्य महिपाल डूडी ने बताया कि खेल सप्ताह के पहले दिन कबड्डी प्रतियोगिता के मुकाबले हुए। उद्घाटन मैच में जीकॉन रॉयल्स विजयी रही, दूसरे मैच में जीकॉन टाइगर्स ने जीत दर्ज की, जबकि बैच-3 और बैच-4 के बीच खेले गए अंतिम मुकाबले में जीकॉन चैलेंज टीम विजेता रही।