लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अजमेर। पुष्कर नगर परिषद ने पुष्कर मेला 2025 के दौरान देश-विदेश से आए पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों को जागरूक करने के लिए जगह-जगह नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया। इस मौके पर राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री सुरेश जी रावत ने नाटक टीम के कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और उनके सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की।
मंत्री सुरेश रावत ने कहा कि नाटक के माध्यम से स्वच्छता और आत्मनिर्भर भारत का संदेश पूरे देश और विदेश तक पहुंचेगा। उन्होंने गोपाल बंजारा और उनकी टीम के कलाकारों को बधाई दी और कहा कि उनका कार्य प्रशंसनीय है।
नगर परिषद पुष्कर सभापति कमल जी पाठक, अरुण जी वैष्णव और अन्य गणमान्य अधिकारी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। कलाकारों द्वारा प्रदर्शित स्वच्छता पर गीत और कालबेलिया नृत्य ने मेले में खूब तालियाँ बटोरीं।
नगर परिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा ने बताया कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पुष्कर की पवित्रता बनाए रखने, घाटों को साफ रखने, प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने और कचरा प्रबंधन के प्रति जनता को जागरूक किया जा रहा है। नाटक में जनता को हास्य, व्यंग्य और सांस्कृतिक नृत्य के माध्यम से सरल और प्रभावशाली ढंग से संदेश दिया जा रहा है।
नाटक टीम में गोपाल बंजारा, महेश वैष्णव, गोपाल कृष्ण शर्मा, सुशीला, कोमल, अनीता सपेरा, धर्म भाट और अन्य कलाकार शामिल हैं। ये नुक्कड़ नाटक मेला मैदान, मुख्य बाजार और घाटों पर लगातार जारी रहेंगे।