लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की मंशा और जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देश पर जिले के उपखंड अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया।
एसडीएम नयन गौतम (श्रीगंगानगर), भारत जयप्रकाश मीणा (सूरतगढ़), श्योराम (श्रीकरणपुर), प्रिया बजाज (घड़साना) सहित अन्य उपखंड अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान अवैध ढाबों और अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए। तेज मोड़ और अन्य संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड लगाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी कार्रवाई करने को कहा गया।
सूरतगढ़ एसडीएम भारत जयप्रकाश मीणा ने बताया कि मोकलसर फांटा और राजियासर-पीलीबंगा मार्ग पर अवैध ढाबे, तेज मोड़ और साइन बोर्ड की कमी पाई गई। उपखंड अधिकारियों ने संबंधित विभागों को मुख्य मार्गों पर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने, जागरूकता अभियान चलाने और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन, पुलिस और सार्वजनिक निर्माण विभाग संयुक्त रूप से लगातार उपाय करेंगे, और व्यस्त क्षेत्रों में आवश्यक साइन बोर्ड और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे।
