लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा।
अजमेर। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने तीर्थराज पुष्कर में श्री ब्रह्मा सावित्री वेद विद्यापीठ आश्रम के रजत जयंती समारोह–2026 में सहभागिता की। इस अवसर पर राष्ट्र संत गोविंद देव गिरी जी महाराज एवं योगगुरु बाबा रामदेव का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में देशभर से आए संत-महात्माओं, वेदाचार्यों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ-हवन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और वेद परंपरा की दिव्यता का प्रदर्शन किया गया।
मंत्री रावत ने कहा कि पुष्कर सदियों से धर्म, साधना और ज्ञान की भूमि रही है। वेद केवल ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की शाश्वत पद्धति हैं, जो मानवता को “वसुधैव कुटुंबकम्” का संदेश देती हैं। उन्होंने वेदपाठी विद्यार्थियों और आचार्यों का सम्मान करते हुए राज्य सरकार की ओर से सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
राष्ट्र संत गोविंद देव गिरी जी महाराज ने शिक्षा में संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों के समावेश पर बल दिया, वहीं योगगुरु बाबा रामदेव ने योग, आयुर्वेद और वेद के माध्यम से स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत निर्माण का आह्वान किया।
समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।















































