लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
5 ग्राम से अधिक नशीला पदार्थ बरामद
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह)।
जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चिट्टा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव के निर्देश पर लालगढ़ जाटान थाना पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
थाना प्रभारी गुरमेल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बनवाली रोड स्थित एक कॉलोनी में दबिश दी, जहां एक युवक मंदिर के अंदर बैठकर चिट्टे का सेवन करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 ग्राम 8 मिलीग्राम चिट्टा (नशीला पदार्थ) बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह पुत्र गुरमेल सिंह निवासी बनवाली के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही मोटरसाइकिल चोरी और नशा तस्करी के 7–8 मामले दर्ज हैं। ये मामले श्रीगंगानगर के जवाहरनगर, रायसिंहनगर और लालगढ़ जाटान थानों में दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में एक वर्ष की सजा भी काट चुका है।
मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपी का भाई गुरदास सिंह भी नशा तस्करी और चोरी के मामलों में संलिप्त है और वर्तमान में फिरोजपुर जेल में सजा काट रहा है।
थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। खंडहरों, खाली क्वार्टरों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है, ताकि नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



















































