लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रात्री गश्त में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ी
राजसमंद | गौतम शर्मा।
राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है। कुंवारिया थाना पुलिस को ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस मित्रों का पूर्ण सहयोग मिल रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।
थानाधिकारी रामचन्द्र कुमावत ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अब रूपाखेड़ा और काबरी गांव के ग्रामीण भी सक्रिय रूप से रात्रि गश्त में पुलिस के साथ जुड़ गए हैं। ग्रामीणों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा है और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना है।
पुलिस मित्रों की सक्रिय भूमिका से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। कुंवारिया थाना पुलिस ने ग्रामीणों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना संभव है।
पुलिस ने बताया कि आने वाले समय में अन्य गांवों के लोगों को भी पुलिस मित्र योजना से जोड़कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा।


















































