लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर: अब्दुल सलाम
मकराना। मकराना शहर में पुलिस ने तेज आवाज निकालने वाली और मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 8 बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की हैं। ये बाइक पटाखों जैसी तेज आवाज कर रही थीं, जिससे आमजन को परेशानी हो रही थी।
थानाधिकारी गरिमा चौधरी (आरपीएस) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। शहर के विभिन्न स्थानों पर जांच के दौरान इन बाइकों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
स्थानीय नागरिकों द्वारा पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक अपनी बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज पटाखे जैसी आवाज निकाल रहे हैं। इससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था और विशेषकर बुजुर्गों व हृदय रोगियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
चेतावनी के बावजूद नहीं माने युवा
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी ऐसी बाइकों को जब्त कर चालान किए गए थे और संबंधित वाहन चालकों को चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके कुछ युवक दोबारा नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान जब्त की गई सभी बाइकों से मॉडिफाइड साइलेंसर खुलवाकर उन्हें सामान्य स्थिति में किया गया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न करें। मॉडिफाइड साइलेंसर या अन्य गैरकानूनी बदलाव करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।













































