लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मार्च तक पूर्ण होंगे 500 करोड़ के विविध विकास कार्य, शनिवार को ‘माय हॉस्पिटल क्लीन हॉस्पिटल’ अभियान का आयोजन
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने आगामी योजनाओं और महत्वपूर्ण विकास कार्यों की दी जानकारी
राजसमन्द (गौतमशर्मा)। आगामी 1 मार्च को प्रोजेक्ट सक्षम सखी के द्वितीय संस्करण के तहत राजीविका का होली मेला, मेगा क्रेडिट कैंप एवं मेगा ट्रेड फेयर का आयोजन होने जा रहा है। इस पर जिला प्रशासन द्वारा प्रथम संस्करण में 21 करोड़ के क्रेडिट लिंकेज के बाद अब द्वितीय संस्करण में 31 करोड़ रुपए के क्रेडिट क्रेडिट का टारगेट लेकर मिशन मोड पर कार्य किया जा रहा है।
जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि इस बार विशेष रूप से एसएचजी द्वारा नई पैकिंग में तैयार हर्बल गुलाल, मिट्टी के गमले, मिट्टी की बोतलें, जूट के बैग को प्रमोट करते हुए इनकी व्यापक बिक्री के प्रयास किए जा रहे हैं। कलक्टर ने बताया कि इस शिविर में 18-20 स्टॉल रहेगी जहां अन्य उत्पाद जैसे मीनाकारी, नमकीन, अचार, साबुन आदि की बिक्री होगी।
जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र की इन महिलाओं द्वारा तैयार उत्पाद जरूर खरीदें और इन्हें प्रोत्साहन प्रदान करें।
जिला कलक्टर ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक स्वच्छता अभियानों के माध्यम से व्यापक रूप से सफाई का कार्य किया है। ग्रामीण क्षेत्र में वर्षों पुराना लिगसी वेस्ट साफ हुआ है। स्वच्छता को लेकर पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ प्रयास निरंतर जारी हैं।
माय हॉस्पिटल क्लीन हॉस्पिटल अभियान आज:
जिला कलक्टर ने बताया है कि 22 फरवरी शनिवार को माय हॉस्पिटल क्लीन हॉस्पिटल अभियान का आयोजन होने जा रहा है, जिसके तहत जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर उप स्वास्थ्य केंद्र तक हर चिकित्सा संस्थान में सफाई अभियान चलाया जाएगा जिसमें भामाशाह भी सहयोग करेंगे। कलक्टर ने कहा है कि इस अभियान को लेकर चिकित्सा महकमा और प्रशासन उत्साहित हैं।
मार्च कर 500 करोड़ के कार्य पूर्ण होने का लक्ष्य:
जिला कलक्टर ने बताया है कि जिले में वर्तमान में लगभग 3 हजार करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्य प्रगतिरत है। इनमें लगभग 500 करोड़ के विकास कार्य मार्च अंत तक पूर्ण करने को लेकर जिला प्रशासन प्रतिबद्धता से प्रयास कर रहा है ताकि जनता को इन विकास कार्यों का समुचित ढंग से लाभ मिले।














































