लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर (योगेश ऋषिका)। शेखावाटी की लोक परंपराओं को जीवित रखने के उद्देश्य से प्रीति फन ग्रुप द्वारा गणगौर महोत्सव का आयोजन किया गया। इस आयोजन में महिलाओं ने लोक पर्वों के संरक्षण और नई पीढ़ी तक उनकी विरासत पहुंचाने का संकल्प लिया।
ग्रुप की संचालिका प्रीति गोयल ने बताया कि शेखावाटी के पारंपरिक लोक पर्व धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रीति फन ग्रुप ने इन पर्वों को पुनर्जीवित करने की पहल की है।
मोर भवन में आयोजित इस महोत्सव में महिलाओं को तीज और गणगौर जैसे पारंपरिक त्योहारों के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, इन पर्वों को पारंपरिक तरीके से मनाने और युवा पीढ़ी को लोक संस्कृति से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने विधिवत गणगौर माता की पूजा-अर्चना की तथा पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही राजस्थानी लोकगीतों पर शानदार नृत्य भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।
इस अवसर पर प्रीति गोयल, अनीता मोर, रजनी गोयल, इंदु मित्तल, रीना कटारिया, श्वेता केजरीवाल और विनीता जोशी सहित कई महिलाओं का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम ने न केवल परंपराओं को जीवित रखने का संदेश दिया, बल्कि समाज में सांस्कृतिक जागरूकता भी बढ़ाई।


















































