लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
राजस्थान की ऐतिहासिक और वैभवशाली धरोहर थीम पर होगा भव्य आयोजन
जयपुर। भजनलाल शर्मा ने आगामी प्रवासी राजस्थानी दिवस (10 दिसंबर) के भव्य आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन को राजस्थान की ऐतिहासिक और वैभवशाली धरोहर की थीम पर आयोजित किया जाए और प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की विकास यात्रा से अवगत कराया जाए।
राजस्थान की संस्कृति और विकास यात्रा की झलक
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जयपुर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, विरासत और विकास की कहानी को दुनिया के सामने पेश करने का एक उत्कृष्ट अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रवासी राजस्थानियों को Rising Rajasthan Global Investment Summit के एमओयू की सफल ग्राउंड ब्रेकिंग की उपलब्धियों से भी अवगत कराया जाए। इसके लिए सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
प्रवासी राजस्थानियों की सहभागिता पर जोर
शर्मा ने Rajasthan Foundation के विभिन्न चैप्टर्स से आने वाले प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानियों को राजस्थान की ऐतिहासिक इमारतों, धरोहरों, पर्यटन स्थलों और विकास परियोजनाओं की जानकारी विशेष रूप से दी जाए।
सेक्टोरल सेशन पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने सेक्टोरल सेशन के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर समय पर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन राज्य की पहचान और गौरव को विश्व पटल पर सशक्त रूप से प्रस्तुत कर सके।
अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
