लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सुमेरपुर विधायक की पहल पर हुआ आयोजन, विधानसभा अध्यक्ष व मंत्री ने किया सम्मानित
जयपुर । पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 90 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने जयपुर में एक्सपोजर विजिट किया। यह कार्यक्रम सुमेरपुर विधायक एवं पशुपालन, डेयरी, गोपालन व देवस्थान विभाग के केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत की पहल पर आयोजित हुआ।
विधानसभा व जयपुर डेयरी का भ्रमण
विद्यार्थियों ने सबसे पहले राजस्थान विधानसभा का भ्रमण कर उसकी कार्यप्रणाली, बैठक व्यवस्था और वित्तीय मामलों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जयपुर डेयरी (सरस डेयरी प्लांट) का भ्रमण कर दूध संकलन से लेकर घी, मक्खन, दूध पाउडर और लस्सी जैसे उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया को देखा।
विरासत स्थलों के दर्शन
एक्सपोजर विजिट के दौरान छात्रों ने बिड़ला मंदिर, हवा महल, मोती डूंगरी मंदिर सहित कई दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हुए। वहीं राजभवन स्थित संविधान उद्यान में विद्यार्थियों ने संविधान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
‘प्रतिभा का सम्मान, सुमेरपुर विधानसभा का अभिमान’
आरसीडीएफ के कॉन्फ्रेंस हॉल में विद्यार्थियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत और आरसीडीएफ की सीएमडी श्रीमती श्रुति भारद्धाज ने 90 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सरस क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें 10 होनहार विद्यार्थियों को डिजिटल वॉच देकर पुरस्कृत किया गया। इस दौरान अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच संचालन श्री विनोद गेरा व पर्बत सिंह राठौड़ ने किया।










































