Home latest प्रसूता के लिए देवदूत बनी महिला पुलिसकर्मी, रक्त देकर बचाई माँ की...

प्रसूता के लिए देवदूत बनी महिला पुलिसकर्मी, रक्त देकर बचाई माँ की जिंदगी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)।
मानवता और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए नागौर की एक महिला पुलिसकर्मी ने दुर्लभ एबी नेगेटिव (AB Negative) रक्तदान कर प्रसूता महिला की जान बचाई। समय पर मिले रक्त से न केवल एक माँ की जिंदगी सुरक्षित हुई, बल्कि नवजात शिशु को भी अपनी माँ का स्नेह मिल सका।

जानकारी के अनुसार, हिंगौनिया (जोधियासी) निवासी प्रसूता महिला सुमन एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं। प्रसव के दौरान उनकी तबीयत अचानक गंभीर हो गई और तत्काल AB नेगेटिव ब्लड की आवश्यकता पड़ी। यह ब्लड ग्रुप अत्यंत दुर्लभ होने के कारण परिजन काफी परेशान हो गए। परिवार और परिचितों में किसी का भी ब्लड ग्रुप मैच नहीं होने से स्थिति चिंताजनक बन गई।

इसी दौरान मामले की जानकारी हेल्पिंग हैंड संस्था के देवेंद्र टाक को मिली। उन्होंने तुरंत रक्तदाता की तलाश शुरू की और राजस्थान पुलिस में कार्यरत सीमा जी, पत्नी सुल्तान जी निवासी नागौर से संपर्क किया।

मानव सेवा की भावना से प्रेरित सीमा जी बिना देरी किए सुगन सिंह सर्किल स्थित लाइफ लाइन ब्लड बैंक पहुंचीं और स्वेच्छा से रक्तदान किया। समय पर रक्त उपलब्ध होने से प्रसूता महिला की जान बचाई जा सकी।

अस्पताल में मौजूद लोगों ने महिला पुलिसकर्मी सीमा जी की संवेदनशीलता और सेवा भावना की सराहना की। लोगों ने कहा कि यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है और मानवता की सच्ची मिसाल प्रस्तुत करता है।

हेल्पिंग हैंड संस्था के देवेंद्र टाक के त्वरित प्रयासों की भी लोगों ने प्रशंसा की। संस्था ने आमजन से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान” है और किसी का एक यूनिट रक्त किसी परिवार की खुशियां बचा सकता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version