लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी (नागौर)। उपखंड क्षेत्र के ग्राम डोडियाना में प्रजापत समाज की बैठक आयोजित हुई, जिसमें समाज में बढ़ती फिजूलखर्ची और सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में समाज के बुजुर्गों और युवाओं ने एकमत होकर विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों को सादगीपूर्ण बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में तय किया गया कि शादी और अन्य कार्यक्रमों में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही हल्दी, मेहंदी और फ्लोर डांस जैसे आयोजनों पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया। समाज ने विवाह में सोने-चांदी की सीमा भी तय करते हुए कहा कि लड़के की शादी में अधिकतम 5 तोला सोना और एक पाव चांदी ही दी जा सकेगी।
इसके अलावा मौत-मरकट (शोक सभा) के कार्यक्रम को भी सादगीपूर्ण रखने का फैसला लिया गया। अब शोक कार्यक्रम में केवल बूंदी, सब्जी और पूरी ही बनाई जाएगी, अन्य मिठाइयों पर रोक रहेगी। साथ ही शोक बैठक में कपड़ों के लेन-देन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समाज की जाजम में नशा करके आने वाले व्यक्तियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। समाज ने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके सामाजिक कार्यक्रमों में समाज के लोग शामिल नहीं होंगे।
समाज के लोगों ने इसे सामाजिक सुधार और सादगी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।















































