लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ और ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ का शुभारंभ
बीकानेर (विजय कपूर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘पीएम धन-धान्य कृषि योजना’ और ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ का शुभारंभ कर देश के किसानों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर ICAR-National Research Centre on Camel में विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बीकानेर जिले के विभिन्न गांवों के लगभग 250 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा नई दिल्ली से सीधे प्रसारित संबोधन को किसानों ने लाइव देखा और सुना। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, आय वृद्धि और सतत विकास के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही कृषि अवसंरचना कोष, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी कई राष्ट्रीय परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया।
मुख्य अतिथि माननीय विधायक जेठानंद व्यास (बीकानेर पश्चिम) ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्रामीण संस्कृति को जीवंत रखते हुए खेती और पशुपालन से जुड़े रहना आवश्यक है। उन्होंने किसानों को नवीन तकनीकों, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
केंद्र निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने संस्थान द्वारा किसानों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी और कहा कि ऊँट संरक्षण, विकास और पशुपालकों की प्रगति के लिए केंद्र लगातार सक्रिय रहेगा।
कार्यक्रम के पश्चात अनुसूचित जाति उप-योजना के तहत चयनित किसानों को कृषि संसाधन (इनपुट) किट वितरित की गई। साथ ही ऊँट दुग्ध उत्पादों के प्रदर्शन, उष्ट्र प्रदर्शनी और किसानों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित हुए, जिनमें किसानों ने गहरी रुचि दिखाई।