लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) आगामी 21 अप्रैल 2026 को नरेन्द्र मोदी के पचपदरा दौरे को लेकर भाजपा जिला कार्यालय नागौर में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पचपदरा (बालोतरा) में आयोजित होने वाले रिफाइनरी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। जिला मीडिया प्रभारी महावीर सिंह सान्दु ने बताया कि इस कार्यक्रम में नागौर जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम जिला संयोजक एवं प्रदेश संयोजक (व्यापार प्रकोष्ठ) रघुनाथ अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि संगठन की दृष्टि से नागौर जिला महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति आवश्यक है।
जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया ने इसे मारवाड़ के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का इस क्षेत्र में आगमन हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि जिले से करीब 7000 कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनके लिए परिवहन और भोजन की व्यवस्था की जा रही है।
खींवसर विधायक रेवत राम डांगा ने भी अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि पचपदरा रिफाइनरी परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि पचपदरा रिफाइनरी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार का लगभग ₹79,459 करोड़ का संयुक्त उपक्रम है, जो प्रति वर्ष 9 मिलियन मीट्रिक टन कच्चे तेल को परिष्कृत कर पेट्रोल, डीजल और पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार करेगा। यह देश की पहली रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है, जो करीब 4400 एकड़ में फैली हुई है।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर जांगिड़ ने किया। बैठक में कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में जिला महामंत्री पदम सारस्वत ने सभी का आभार व्यक्त किया।