लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदान राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं द्वारा गैस, तेल और खाद्य सामग्री की कमी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक और तथ्यहीन करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और कांग्रेस झूठ फैलाकर जनता में डर और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
राठौड़ ने कहा कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़े वैश्विक तनाव के बावजूद भारत सरकार की मजबूत तैयारियों के कारण देश पर इसका असर बहुत सीमित रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने बताया कि खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रख रहा है और प्रदेश में गैस, तेल तथा खाद्य सामग्री की कोई कमी नहीं है। भाजपा सरकार ने उज्ज्वला योजना के माध्यम से घर-घर गैस पहुंचाई है और वर्तमान में राजस्थान में 61 लाख से अधिक परिवारों को मात्र 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक एजेंडा केवल डर और अफवाह फैलाने पर आधारित है, जबकि भाजपा और प्रधानमंत्री का उद्देश्य देश और प्रदेश के नागरिकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजस्थान में डबल इंजन सरकार हर परिस्थिति में आमजन के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार का संकट उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा।















































