लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
1 से 30 नवंबर तक चलेगा ‘सघन निरीक्षण अभियान’ — मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू होगी कार्यवाही
डीडवाना-कुचामन । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में भवनों और सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शनिवार, 1 नवंबर से 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में ‘सघन निरीक्षण अभियान’ चलाया जाएगा।
मुख्य सचिव सुधांश पंत ने इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिला कलेक्टर्स को सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुरुवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों को अभियान की रूपरेखा बताई और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
तीन समितियां करेंगी गहन निरीक्षण
अभियान के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), नगरीय विकास एवं आवासन विभाग, स्वायत्त शासन विभाग और समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित भवन व सड़क निर्माण कार्यों की जांच के लिए सभी जिलों में तीन अलग-अलग निरीक्षण समितियां गठित की जाएंगी।
ये समितियां अपने निरीक्षण की सघन रिपोर्ट जिला कलेक्टर को सौंपेंगी, जिसके बाद कलेक्टर अपनी अनुशंसा सहित रिपोर्ट संबंधित विभाग के प्रभारी सचिव को प्रेषित करेंगे।
1. सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों की जांच समिति
सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों के निरीक्षण के लिए गठित समिति में शामिल होंगे —
-
अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (संभाग के अधीन अन्य वृत्त से)
-
अधिशाषी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (संभाग के अधीन अन्य जिले के गुणवत्ता नियंत्रण खंड से)
2. नगरीय विकास एवं आवासन व स्वायत्त शासन विभाग की समिति
इन विभागों के कार्यों की जांच के लिए समिति में होंगे —
-
अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (संबंधित वृत्त)
-
अधिशाषी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (गुणवत्ता नियंत्रण खंड)
-
अधिशाषी अभियंता, स्वायत्त शासन/नगरीय विकास एवं आवासन विभाग
3. समग्र शिक्षा अभियान भवन कार्यों की समिति
समग्र शिक्षा अभियान के तहत भवन निर्माण और मरम्मत कार्यों की जांच के लिए समिति में शामिल होंगे —
-
अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (संबंधित वृत्त)
-
अधिशाषी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (गुणवत्ता नियंत्रण खंड)
-
अधिशाषी अभियंता, समग्र शिक्षा अभियान
शिकायतों पर होगी सख्त निगरानी
प्रदेश में भवनों और सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित किए जाते हैं। समय-समय पर इन कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।
इसी को देखते हुए सरकार ने यह सघन निरीक्षण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।














































