लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमंद
राजसमंद। राजसमंद-भीलवाड़ा जिले की सीमा पर स्थित प्रभु श्री खजुरिया श्याम भैरुनाथ के दरबार में शनिवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर से चारों दिशाओं के रास्तों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, कोई पैदल तो कोई दुपहिया या चार-पहिया वाहन से दर्शन के लिए पहुंचा।
भक्तों ने लाइन में लगकर बारी-बारी प्रभु खजुरिया श्याम को शीश झुका कर अमन-चैन और सुख-समृद्धि की कामना की। प्रभु को विशेष श्रृंगार भी किया गया। भक्तों ने रास्ते में जयकारे लगाए और जगह-जगह प्रसाद वितरण किया।
मंदिर में कुंवारिया, लापस्या, खंडेल, खेड़िया, तारा खेड़ा, कुरज, लालपुर, मादड़ी, पीपली अहिरान समेत भीलवाड़ा जिले के नेगड़िया खेड़ा, छापरी, फुकीया, नाथुवास आदि स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
मंदिर प्रांगण भक्तों से खचाखच भरा रहा और जयकारों से माहौल पूरी तरह धार्मिक हो गया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया, वहीं मेले में लोग सामग्री खरीदने के साथ चाट और किपकौड़ी का आनंद भी लिया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह और उमंग देखने लायक था।

















































