लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
14 फरवरी को श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड क्षेत्र स्थित श्री दिगंबर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र, सुथड़ा में प्रबंध समिति के सदस्यों की बैठक महावीर प्रसाद पराणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रबंध समिति सदस्य बसंत जैन एवं मनोज जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 फरवरी को श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक वार्षिक महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसी अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक मेले के कार्यक्रमों का समय भी तय किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 फरवरी को सायं 6:30 बजे संगीतमय भक्तामर दीपार्चना का आयोजन होगा। वहीं 14 फरवरी को प्रातः 8:00 बजे नित्य अभिषेक एवं शांति धारा, 9:30 बजे ध्वजरोहण तथा 10:30 बजे श्री मुनिसुव्रतनाथ मंडल विधान संपन्न होगा। मंडल विधान के लिए पात्रों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
दोपहर 12:30 बजे रथ यात्रा निकाली जाएगी, जो गांव का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचेगी, जहां अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात ढिकोलिया में सुधा सागर सिंह द्वार का लोकार्पण किया जाएगा। लोकार्पण समारोह में पुण्यार्जक परिवारों एवं अतिथियों का स्वागत-सम्मान किया जाएगा।
भक्तामर संयोजक नरेंद्र जैन बनेठा ने बताया कि अभिषेक-शांतिधारा के दौरान मानस्तंभ पर छत्र अर्पित किया जाएगा तथा भगवान को निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। इसके उपरांत वात्सल्य भोज एवं सायं 6:30 बजे पुनः संगीतमय भक्तामर दीपार्चना का आयोजन किया जाएगा।
वार्षिक उत्सव के सफल आयोजन को लेकर प्रबंध समिति के सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के स्थान पर भक्तों द्वारा बाबा के दरबार में यह पावन दिवस मनाया जाएगा।
बैठक के अंत में निमोला तीर्थ क्षेत्र के नवनिर्वाचित अध्यक्ष बाबूलाल रानोलीवाले एवं अग्रवाल 84 समाज के नवनिर्वाचित सह-मंत्री मनोज जैन बनेठा का प्रबंध समिति द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।