लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उनियारा | उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फुलेता में विद्यार्थियों को सर्दी से राहत देने के उद्देश्य से जर्सी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा पहली से दसवीं तक के सभी बालक एवं बालिकाओं को जर्सियां वितरित की गईं। जर्सियां पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य धन्ना लाल मीणा ने बताया कि शीतलहर और बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कई छात्र-छात्राएं दूर-दराज के गांवों से प्रतिदिन पैदल अथवा विभिन्न साधनों से आते हैं, ऐसे में जर्सियां मिलने से उन्हें सर्दी से बचाव के साथ-साथ नियमित अध्ययन में भी सुविधा मिलेगी।
प्रधानाचार्य मीणा ने जानकारी दी कि यह सेवा कार्य जगन्नाथ धर्मार्थ ट्रस्ट के बैनर तले सम्पन्न हुआ, जिसमें भामाशाहों और समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दानदाताओं में बिड़ला ईंट उद्योग टोंक, भाजपा शहर महामंत्री राजू माहेश्वरी, समाजसेविका श्यामा गर्ग, प्रीति शर्मा, कमलेश धाकड़, रिमझिम धाकड़ एवं सावित्री शर्मा शामिल रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए जर्सियां भेंट कीं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सहयोग से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उनमें आत्मविश्वास का संचार होता है। साथ ही बच्चों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ ने व्यवस्थाएं संभाली और वितरण कार्य को सुचारू रूप से सम्पन्न कराया। विद्यालय परिवार ने सभी भामाशाहों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।


















































