लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नन्हे विद्यार्थियों ने सुंदर व आकर्षक पौधों का किया शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल कर बढ़ाया विद्यालय का मान
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित श्री महेश पब्लिक स्कूल (एसएमपीएस), प्राइमरी विंग की ओर से शहर में आयोजित फ्लावर शो प्रदर्शनी में अत्यंत सुंदर एवं आकर्षक पौधों का प्रदर्शन किया गया। विद्यालय की सृजनात्मक और कलात्मक पुष्प सज्जा के लिए फ्लावर शो प्रदर्शनी में विद्यालय को गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया।
श्री महेश सेवा समिति के निदेशक एवं विद्यालय प्रभारी दिनेश शारदा ने बताया कि विद्यालय की ओर से रंग-बिरंगे फूलों और सुसज्जित सजावटी पौधों की आकर्षक प्रस्तुति की गई, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। नन्हे विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में पौधों की सजावट एवं देखभाल में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
प्रदर्शनी के अंतर्गत आयोजित पुष्प सजावट प्रतियोगिता में एसएमपीएस प्राइमरी विंग के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्थान प्राप्त किए।
प्रथम दिन आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा 5 की अक्षिता काबरा, आरवी लड्डा एवं गर्विता वैष्णव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय दिन आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें
प्रथम स्थान – भगत सिंह काबरा, अनन्या माहेश्वरी, मानसी सागर वानखेडे
द्वितीय स्थान – हर्षिता माहेश्वरी, शिवांश माहेश्वरी, आरुष गवारिया, तनस्वी जैन
तृतीय स्थान – यशस्वी सिंह राठौड़, परीक्षित माली
जबकि सांत्वना पुरस्कार साहिल अजमेरा, देवश्री सुवासिया, प्रभास शर्मा एवं विधि सोनी को प्रदान किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव ने सभी विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रकृति के प्रति प्रेम को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश नराणीवाल, सचिव राजेंद्रकुमार कचौलिया सहित समस्त टीम ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों में पर्यावरण संरक्षण और सृजनात्मक सोच को प्रोत्साहन मिलता है। फ्लावर शो में उपस्थित अतिथियों एवं शहरवासियों ने भी विद्यालय के इस सराहनीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
