लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— जांच के घेरे में अधिकारी और दुकानदार
प्रतापगढ़ (राजस्थान) — दीपावली से पहले शहर के नीमच नाका स्टेडियम में लगाए गए फटाखा बाजार में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। प्रशासन ने केवल 58 दुकानों को अनुमति दी थी, लेकिन मौके पर 74 दुकानें पाई गईं। अब अतिरिक्त 16 दुकानों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि इन्हें किस अनुमति से लगाया गया।
रिपोर्टर की जांच में खुलासा
जब मौके पर पत्रकारों ने दुकानदारों से लाइसेंस दिखाने को कहा, तो कई दुकानदारों ने बताया कि “हमारे पास कॉपी नहीं है, लाइसेंस नगर परिषद के पास हैं।” लेकिन जब नगर परिषद और प्रशासनिक अधिकारियों से बात की गई, तो अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश पंड्या ने स्पष्ट कहा —
“हमने केवल 58 दुकानों को ही लाइसेंस जारी किए हैं। अगर बिना लाइसेंस दुकानें लगाई गई हैं तो संबंधितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
जांच में यह भी पाया गया कि किसी भी दुकानदार के पास लाइसेंस की प्रति मौके पर उपलब्ध नहीं थी। रिपोर्टर के सर्वे में कुल 74 दुकानें पाई गईं, जिससे मिलीभगत की आशंका भी गहराती जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
जनहानि का खतरा बढ़ा
विशेषज्ञों का कहना है कि बिना लाइसेंस फटाखा दुकानों का लगना बड़ा खतरा साबित हो सकता है। किसी भी दुर्घटना या आग की स्थिति में जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध दुकानों को तुरंत बंद कराया जाए और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
दीपावली जैसे त्योहार पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन की भूमिका पर अब सवाल उठ रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि 16 अतिरिक्त दुकानें किसकी अनुमति से लगाई गईं।











































