लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
स्थान: पीसांगन, अजमेर
संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
अजमेर। पीसांगन कस्बे में मंगलवार देर रात एक बड़ी हादसा घटित हुआ, जब 11 हजार केवी हाई टेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इससे हुए शॉर्ट सर्किट के चलते एक प्याज गोदाम में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में गोदाम में रखे प्याज और कृषि उपकरण जलकर राख हो गए, जिससे किसान को करीब ₹1.5 लाख का नुकसान हुआ है।
पीसांगन निवासी किसान सुरेंद्र कुमार कुमावत के अनुसार, उनके खेत में बने प्याज गोदाम की देखरेख के लिए भूतिया ढाणी निवासी किसान धर्मीचंद मारोठिया को रखा गया था। धर्मीचंद ने सुरेंद्र को सूचना दी कि हाई टेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया है, जिससे शॉर्ट सर्किट होकर आग लग गई और वह आग गोदाम तक फैल गई।
सूचना मिलते ही किसान सुरेंद्र कुमार ने फीडर इंचार्ज अब्दुल रज्जाक को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई और मौके पर पहुंच गए। स्थानीय किसानों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक गोदाम पूरी तरह जल चुका था।
आगजनी में गोदाम में रखे 40 बोरी प्याज और कृषि उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में किसान को लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए क्षतिग्रस्त विद्युत तारों की मरम्मत समय पर की जाए और विद्युत विभाग नियमित निरीक्षण करे।













































