लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छात्र समय की महत्ता समझें, लक्ष्य बनाकर करें अध्ययन : कल्पना शर्मा
माण्डलगढ़। पीएम राजकीय महाराणा स्कूल में शुक्रवार को भव्य वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह की मुख्य अतिथि सीबीईओ कल्पना शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र यदि समय के महत्व को समझते हुए शिक्षा ग्रहण करें, तो उनका भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर के गणमान्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के संस्था प्रधान बालमुकुंद स्वर्णकार ने विद्यालय की शैक्षणिक व सहशैक्षणिक गतिविधियों तथा उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रही। छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति पर आधारित गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, वहीं अन्य छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शिवकुमार त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि मनोज सनाढ़्य, भाजपा वरिष्ठ नेता अर्जुन ब्रह्मभट्ट, नगर अध्यक्ष अशोक जीनगर, नगर युवा मोर्चा अध्यक्ष मुकेश व्यास सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य के साथ की गई मेहनत ही सफलता की कुंजी है। समय का दुरुपयोग भविष्य को कठिन बना देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकों के अध्ययन पर ध्यान देने और सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करने की अपील की।
समारोह में शिक्षाविद बनवारी लाल जीनगर, रामकुवार धोबी, पार्षद अनिता सुराणा, नीलकमल पटवा, शिक्षाविद कैलाशचंद्र दरोगा, सतीश खंडेलवाल, समाजसेवी पप्पू माली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरित की गई तथा विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक दिनेश सिंह शक्तावत ने किया।











































