लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बिहार चुनाव में विपक्ष में पारिवारिक कलह और नेतृत्व का अभाव, एनडीए गठबंधन में स्थिरता
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुशासन के 24 वर्षों की पूर्णता पर शुभकामनाएं दी।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और सुशासन का प्रतीक है।
गुजरात से भारत तक — 24 वर्षों की राष्ट्र सेवा
डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। तब से अब तक उन्होंने लगातार 24 वर्षों तक राष्ट्र की सेवा की है, यह उपलब्धि भारतीय राजनीति में विरले ही देखने को मिलती है।
उन्होंने कहा कि गुजरात को विकास मॉडल के रूप में स्थापित करने के बाद, मोदी ने बीते 11 वर्षों से भारत को वैश्विक मंच पर एक अग्रणी आर्थिक शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित किया।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का जीवन प्रेरणा है — तन, मन और हर क्षण राष्ट्र को समर्पित। यह देशवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है।”
बिहार चुनावों पर टिप्पणी
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बिहार चुनावों पर कहा कि हालिया जनमत सर्वेक्षणों में एनडीए को स्पष्ट बढ़त मिल रही है और वास्तविक परिणामों में यह प्रचंड बहुमत में बदल सकता है।
उन्होंने बताया कि एनडीए गठबंधन केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संपूर्ण सामंजस्य और स्थिरता के साथ काम कर रहा है।
वहीं विपक्ष में पारिवारिक कलह और नेतृत्व की कमी साफ़ नजर आ रही है। डॉ. त्रिवेदी ने कहा, “जो खुद को सीएम समझते हैं, उनके पास सीएम बनने की क्षमता नहीं है, और जो खुद को पीएम इन वेटिंग कहते हैं, वे अपने नेता को भी स्पष्ट नहीं कर पाते।”
पूर्वी भारत के विकास में मोदी का दृष्टिकोण
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए पूर्वी भारत को विकास की मुख्यधारा में लाना आवश्यक है। इसके लिए मज़बूत, स्थिर और दूरदर्शी नेतृत्व की जरूरत है, जो देश के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मौजूद है।