लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नैनवां (बूंदी) | मनोज कुमार योगी
जिला कलेक्टर बूंदी के निर्देशों की पालना में परिवहन विभाग ने नमाना रोड पर अवैध पार्किंग और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती सौम्या शर्मा के निर्देशन में परिवहन निरीक्षक धर्मपाल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में हुई औचक कार्रवाई के दौरान कुल छह ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹2 लाख 7 हजार का जुर्माना लगाया गया।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर चार ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर पुलिस थाना तालेड़ा के माध्यम से एमडब्ल्यूआर सीज़र यार्ड, तालेड़ा में सीज किया गया। वहीं, कार्रवाई के दौरान मौके से भाग निकले दो ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के विरुद्ध पंचनामा तैयार कर नियमानुसार जुर्माना आरोपित किया गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से नमाना रोड पर खड़े ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। कई चालक अपने वाहन छोड़कर मौके से भागने लगे, लेकिन परिवहन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की।
इस अभियान में परिवहन विभाग के कार्मिक देवराज प्रजापति, रघुवीर सिंह हाड़ा और कैलाश चंद मीणा ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ओवरलोड और अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
