लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सफलता की कहानी:
सरकार ने थामा हाथ, जब टूटने लगी आस…
जमाबंदी में 44 साल बाद सही हुआ नाम तो अमर सिंह के छलक उठे आँसू
गौतम शर्मा
राजसमंद। राज्य सरकार द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा-2025 अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आया है। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व में जिले में इन शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित हो रहा है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा अंतर्गत पिपलांत्री ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में उमठी ग्राम निवासी अमर सिंह को बड़ी राहत मिली। अमर सिंह का नाम पिछले 44 वर्षों से जमाबंदी में गलत दर्ज था। जब अधिकारियों ने मौके पर ही जमाबंदी में नाम सही कर अमर सिंह को सौंपा तो उसकी खुशी का ठिकाना न रहा और उसके आँसू छलक उठे। उन्होंने तहे दिल से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का इन शिविरों के लिए आभार जताया।
उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता ने बताया कि अमर सिंह के पिता का निधन वर्ष 1980 में हो गया था। उस समय अमर सिंह की उम्र मात्र छह महीने थी। विरासत नामांतरण के समय गलती से अमर सिंह का नाम गुलाब सिंह दर्ज कर दिया गया। परिवार जनों ने विद्यालय में सही नाम अमर सिंह ही दर्ज कराया और आगे की सभी शैक्षणिक, पहचान एवं अन्य दस्तावेजों में अमर सिंह नाम से ही रिकॉर्ड रहा।