लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुविधाओं के अभाव से दुकानदार निराश
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र के पलाई ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शुक्रवार से हाट बाजार लगने की शुरुआत हो गई है। हाट बाजार शुरू होने से पलाई सहित आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के लोगों में उत्साह का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पलाई पंचायत में अब तक साप्ताहिक हाट बाजार नहीं लगता था, जिसके कारण ग्रामीणों को दैनिक उपयोग के सामान खरीदने के लिए उनियारा या बूंदी जिले के नैनवां जाना पड़ता था। इससे न केवल समय खराब होता था बल्कि अतिरिक्त धन भी खर्च करना पड़ता था। ग्रामीणों और पंचायत के प्रयासों से अब पलाई में ही हाट बाजार शुरू हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
सुविधाओं के अभाव में दुकानदार निराश
हाट बाजार शुरू होने के बावजूद पंचायत प्रशासन द्वारा स्थानीय तथा दूरदराज से आने वाले दुकानदारों — जैसे उनियारा, नैनवां, अलीगढ़ और टोंक क्षेत्र से आने वाले व्यापारियों — के लिए किसी प्रकार की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गई हैं। इससे दुकानदारों में निराशा देखने को मिली।
आसपास के गांवों को मिलेगा लाभ
हाट बाजार लगने से पलाई के अलावा लक्ष्मीपुरा, हुकमपुरा, काशपुरिया, कचरावता, देवरी, भांकरवाड़ी, महाराजपुरा, गम्भीरा, गम्भीरी सहित आसपास के गांवों के लोगों को अब दैनिक जरूरतों का सामान अपने नजदीक ही उपलब्ध हो सकेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि हाट बाजार शुरू होना स्वागत योग्य कदम है, बस प्रशासन यदि आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करा दे तो दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को बेहतर अनुभव मिलेगा।











































