लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड क्षेत्र के अलीगढ़ कस्बे में बीसलपुर बांध पेयजल परियोजना के तहत मुख्य बाजार में पेयजल लाइन बिछाने का कार्य बेहद धीमी गति से चलने के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्य में देरी और अव्यवस्थित क्रियान्वयन को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
मुख्य बाजार में सीसी सड़क को तोड़कर पाइपलाइन डाली जा रही है, जिससे सड़क और आम रास्तों में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। ठेकेदार द्वारा कार्य की गति अत्यंत धीमी रखे जाने से न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि कई घरों में पानी की आपूर्ति बाधित होने से पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पाइपलाइन कार्य के दौरान नालियां क्षतिग्रस्त हो जाने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों ने बताया कि पुराने नल कनेक्शनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
कस्बे के वार्ड पंच अशोक सैनी, महेंद्र सोयल, समाजसेवी मनोरंजन शर्मा और नरेश जैन ने कहा कि कार्य की धीमी रफ्तार और असंतुलित कार्ययोजना के चलते लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना से जुड़े अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत के कारण आमजन की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है।
हालांकि बीसलपुर बांध पेयजल योजना का उद्देश्य अलीगढ़ कस्बे में फ्लोराइड युक्त पानी की समस्या का समाधान कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है, लेकिन वर्तमान में परियोजना की धीमी प्रगति के चलते लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नागरिकों ने क्षेत्रीय विधायक सहित उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से हस्तक्षेप कर पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।



















































