लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला, झालावाड़। कस्बे की होनहार छात्रा अक्षरा जैन को राज्य सरकार की पद्माक्षी पुरस्कार योजना के तहत स्कूटी प्रदान की गई। स्कूटी मिलने पर छात्रा एवं उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं जैन समाज में भी हर्ष का माहौल है।
चौमहला निवासी अक्षरा जैन, पुत्री स्वर्गीय विनोद जैन एवं सुपुत्री स्वर्गीय राजमल जैन (पूर्व अध्यक्ष, स्थानक श्रावक संघ), ने सत्र 2023-24 में कक्षा 12 वाणिज्य वर्ग में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें पद्माक्षी पुरस्कार योजना के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, झालावाड़ में आयोजित कार्यक्रम में प्रिंसिपल चारुलता तिवारी ने अक्षरा जैन को स्कूटी प्रदान की। इस अवसर पर चौमहला के कनिष्ठ लेखाकार शुभम जैन भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह पुरस्कार कक्षा 8, 10 एवं 12 में सामान्य, अल्पसंख्यक, ओबीसी, एससी/एसटी, बीपीएल एवं निशक्त वर्ग की छात्राओं को जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर, विभागीय नियमों के अनुसार आवेदन के बाद प्रदान किया जाता है।
अक्षरा जैन वर्तमान में राजकीय कॉमर्स कॉलेज, कोटा में अध्ययनरत हैं और पूर्व में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार की छात्रा रह चुकी हैं। इससे पहले भी उन्हें एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं लैपटॉप पुरस्कार स्वरूप मिल चुका है।
स्कूटी मिलने पर परिजनों और समाजजनों ने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।