लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रवासी राजस्थानी कोठारी परिवार ने किया 50 लाख रुपए खर्च, मंत्री जोराराम कुमावत ने किया उद्घाटन
पाली/सुमेरपुर । भारत में 536 मिलियन से अधिक पशुधन है, और राजस्थान ऐसे राज्यों में शामिल है जहां सर्वाधिक पशुधन मौजूद है। प्रदेश में लगभग 70 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों की आय, भोजन और सुरक्षा पशुओं पर निर्भर है। इस दृष्टि से राजस्थान सरकार पशुपालन और पशु चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इसी कड़ी में कोसेलाव के फुटरमल गुलाबचंद कोठारी राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय भवन का पुन:निर्माण इसी गांव के मूल निवासी प्रवासी राजस्थानी कोठारी परिवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने भवन का लोकार्पण किया।
प्रवासी राजस्थानी परिवार का योगदान
मंत्री कुमावत ने कहा कि मुंबई में व्यवसाय कर रहे कोठारी परिवार ने 50 लाख रुपए खर्च कर इस पशु चिकित्सालय भवन का पुन:निर्माण कराया। उन्होंने इसे राजस्थान की मातृभूमि के विकास में प्रवासी राजस्थानी समुदाय का योगदान बताया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने फुटरमल जी गुलाबचंद कोठारी की मूर्ति का अनावरण किया और भवन परिसर में पौधारोपण किया। इसके साथ ही उन्होंने कोठारी शीतल जल ग्रह का भी उद्घाटन किया।
ग्रामीणों ने किया सम्मान
कोठारी परिवार ने 1983 में भी इस पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण कराया था। भवन के प्रथम श्रेणी में क्रमोन्नत होने के साथ पुराना भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण पुन:निर्माण कराया गया। इस मौके पर कोसेलाव के ग्रामवासियों ने भामाशाह परिवार के बाबूलाल कोठारी और ललित कोठारी का सम्मान किया। साथ ही परिवार ने पशु चिकित्सालय के लिए कंप्यूटर मय प्रिंटर दान स्वरूप भेंट किया और दो दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया, जिसका उद्घाटन मंत्री कुमावत ने किया।
पशुपालन मंत्री ने दी जानकारी
कार्यक्रम में मंत्री कुमावत ने पशुपालकों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि पशुपालन विभाग लगातार पशु चिकित्सा क्षेत्र में नई भर्तियां और सुविधाओं को सुदृढ़ कर रहा है।
कार्यक्रम में शामिल लोग
इस अवसर पर पाली सरस डेयरी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, सरपंच सोनी देवी, पाली एडीएम ओम प्रभा, सुमेरपुर एसडीएम कालूराम कुम्हार, पूर्व सरपंच नारायण सिंह, पूर्व प्रधान सुमेर सिंह, उप सरपंच महावीर सिंह जोधा, भाजपा मंडल अध्यक्ष रतन देवासी घेवरचंद कोठारी, जुगराज कोठारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हनुमान भाटी, पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपाल सिंह जोधा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।