लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीएम बोले—‘सनातन संस्कृति संरक्षण, गौसंवर्धन और जनसशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता’
पाली/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पाली जिले के नेतरा और सोजत में आयोजित भगवान मीरा-माधव मंदिर एवं श्रीकृष्ण मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति, विरासत और आस्था स्थलों के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। राज्य सरकार भी इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
सीएम शर्मा ने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल कॉरिडोर और केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम जैसे बड़े विकास कार्य भारतीय संस्कृति की पुनर्स्थापना का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी मंदिर और तीर्थ स्थलों के समग्र विकास पर लगातार काम किया जा रहा है।
21 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत 21 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन कराए गए हैं, जबकि लगभग 6 हजार श्रद्धालुओं को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा करवाई गई है। अब तक 57 हजार से अधिक यात्री विभिन्न तीर्थों की ट्रेन यात्रा कर चुके हैं।
गौसंवर्धन के लिए 2,791 करोड़ का अनुदान
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने गौसंरक्षण के लिए 2,791 करोड़ रुपये का अनुदान जारी किया है। गौशालाओं को प्रतिदिन प्रति गाय 50 रुपये और बछड़ों के लिए 25 रुपये दिए जा रहे हैं। राज्य में 341 गौशालाओं में आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पथमेड़ा गोधाम महातीर्थ को 11 लाख रुपये का चेक भी सौंपा।
युवा, महिला और किसानों के लिए योजनाएँ
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि के तहत राजस्थान के किसानों को 9 हजार रुपये मिल रहे हैं। किसानों को फसल बीमा, ब्याज मुक्त ऋण, गोपाल क्रेडिट कार्ड और दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान से बड़ा लाभ मिला है।
श्रीकृष्ण मंदिर में आहुतियाँ और गौपूजन
सोजत में आयोजित कार्यक्रम में सीएम शर्मा ने यज्ञ में आहुति दी और गौमाता का पूजन कर गुड़ खिलाया। कार्यक्रम में पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, सांसद मदन राठौड़, पी.पी. चौधरी, विधायक शोभा चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
















































