Home latest पाली में बाढ़ के हालात, कलेक्टर एवं एस पी ने लिया ट्रैक्टर...

पाली में बाढ़ के हालात, कलेक्टर एवं एस पी ने लिया ट्रैक्टर पर बैठकर जायजा

0

पाली- मनोज शर्मा- ब्यूरो चीफ
पाली शहर में हुई 9 इंच बारिश, बने बाढ़ के हालात, कलेक्टर एवं एस पी ने लिया ट्रैक्टर पर बैठकर जायजा

पाली शहर में रविवार एवं सोमवार को हुई भारी बारिश से बाढ़ के हालात बन गए, कई कॉलोनियों पानी में डूब गई और लोग घरों में कैद होकर रह गए।

विस्तार
पाली शहर में रविवार करीब ढाई बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश सोमवार शाम तक जारी रही, इस दौरान बारिश बीच में कुछ देर के लिए रुकी भी पर इस बारिश ने शहर का जन जीवन अस्तव्यस्त कर दिया।

9 इंच बारिश ने बिगाड़े हालात
इस दौरान शहर में 24 घंटे में करीब 9 इंच बारिश हुई। सावन के पहले सोमवार को हुई इस रिकॉर्ड बारिश से शहर में बाढ़ के हालात बन गए। यह बारिश सोमवार शाम तक जारी रही जिसके चलते पाली के हेमावास बांध में भी एक ही दिन में करीब 6 फीट पानी पहुंच गया। स्थिति यह हुई की पाली शहर के जोधपुर मार्ग, रेलवे स्टेशन, पांच मौका पुलिया, आदर्श नगर, वीडी नगर, नयागांव सहित करीब दर्जन पर कॉलोनियों में पानी भरने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।

कलेक्टर एस पी ने लिया जायजा
शहर में बाढ़ के हालात उत्पन्न होने पर कलक्टर एलएन मंत्री ने एसपी चुनाराम जाट के साथ शहर में जल भराव व निकासी व्यवस्था को लेकर ट्रैक्टर से दौरा कर हालातों का जायजा लिया। जिला कलक्टर मंत्री कलेक्टर और एसपी जाट ने चलती बारिश में बांडी नदी, कवाड़ चौराहा, मंडिया रोड, रामदेव रोड, सिंधी कॉलोनी, जयनगर, शेखावत नगर, गांधी नगर, न्यू प्रताप नगर और पुनायता रोड जैसे संवेदनशील इलाकों का दौरा कर वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया।साथ ही उन्होंने वहां के क्षेत्रवासियो से भी जानकारी ली और तुरंत समाधान के लिये संबधित को निर्देश दिये।

पुलिस प्रशासन एलर्ट मोड पर
मानसून में जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है और आवश्यक इंतजाम किए जा रहे है। प्रशासन द्वारा इस बार जल निकासी के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे तेज गति से पानी की निकासी शुरू हो गई।

अधिकारियों को सौंपा क्षेत्रवार निरीक्षण का दायित्व
जलभराव की स्थिति का आंकलन करने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने नौ अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के साथ प्रभारी अधिकारी व कर्मचारियों को नियुक्त किया है। ये अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में भ्रमण कर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण करेंगे और समुचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। कलक्टर मंत्री ने आदेश जारी कर निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र में जलभराव से प्रभावित स्थानों का निरीक्षण कर वहां की वास्तविक स्थिति का आंकलन करें और आवश्यकतानुसार राहत व सुरक्षा उपाय तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करें। साथ ही, ऐसे मकानों व परिसम्पत्तियों का चिन्हीकरण किया जाए जो जर्जर अवस्था में हैं एवं जिनमें लोग निवासरत हैं। उन जर्जर मकानों में रह रहे लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित स्थान जैसे कि रैन बसेरा, सामुदायिक भवन, विद्यालय या अन्य उपयुक्त स्थानों पर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

आदेशानुसार वीर दुर्गादास नगर, बापू नगर एवं आदर्श नगर के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है। पठान कॉलोनी, नया गांव, सांसी बस्ती, रेनबो, कवाड़ विद्यालय एवं ट्रांसपोर्ट नगर के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग अश्विनी के. पंवार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जगदम्बा नगर, शिव कॉलोनी, पुलिस लाइन क्षेत्र एवं अंबेडकर नगर का निरीक्षण यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना, टैगोर नगर, सियांश नगर एवं केशव नगर का आकलन जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, रामदेव नगर, दुर्गा नगर, राम रहीम कॉलोनी, विकास नगर एवं सिंधी कॉलोनी का निरीक्षण उपखण्ड अधिकारी विमलेन्द राणावत एवं सर्वाेदय नगर, पांच मौखा एवं स्टेशन भटवाड़ा क्षेत्र की जिम्मेदारी डीआईजी स्टाम्प भागीरथ राम को सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना, उपखण्ड अधिकारी विमलेन्द राणावत एवं नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सम्पूर्ण पाली शहर में निरीक्षण कर समुचित व्यवस्थाओं की निगरानी एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।

यहां हुई इतनी बारिश पाली 76 एम एम
रोहट 27 एम एम
बाली। 38 एम एम
सोजत 52 एम एम
सुमेरपुर 13 एम एम
रानी। 31 एम एम
देसूरी 22 एम एम
मारवाड़ जंक्शन 22 एम एम

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version