लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां।
जल जीवन मिशन के तहत कस्बे में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य हाल ही में पूरा किया गया था। पाइपलाइन डालने के दौरान कई गली-मोहल्लों और मुख्य मार्गों को खोद दिया गया था, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब विभाग द्वारा इन क्षतिग्रस्त सड़कों की समतलीकरण, ब्रशिंग तथा इंटरलॉकिंग मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। मजदूर पहले गड्ढों को मिट्टी से भरकर लेवल बना रहे हैं, इसके बाद टूटी-फूटी इंटरलॉकिंग की जगह नई पट्टियां लगाई जा रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से धूल-मिट्टी, उबड़-खाबड़ रास्तों और जलभराव की वजह से आवाजाही बेहद मुश्किल हो गई थी। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दुपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं।
मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।



















































