लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पादूकलां। शारदीय नवरात्र महोत्सव कस्बे और आसपास के ग्रामीण अंचल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चारभुजा मंदिर और मां भवानी जगदंबे के दरबार में प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है।
महिला मंडल की ओर से प्रस्तुत माता रानी के भजनों पर आकर्षक गरबा नृत्य मुख्य आकर्षण रहा। पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सजी महिलाओं और नन्हीं बालिकाओं ने हाथों में डांडिया लेकर रंग-बिरंगी प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।
सुबह बच्चों के लिए भी गरबा नृत्य प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें सभी प्रतिभागी एक जैसी वेशभूषा में शामिल हुए। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिताओं के परिणाम सुरक्षित रखे गए हैं और उन्हें 29 सितंबर को होने वाले विशाल कवि सम्मेलन के दौरान घोषित कर प्रतिभागियों का सम्मान किया जाएगा।
शाम को मंदिर प्रांगण में महिलाओं और युवतियों ने रंग-बिरंगे परिधानों में गरबा-डांडिया प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। तालियों की थाप और संगीत की लय पर हुए समूह नृत्यों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर को झालरों और रोशनी से सजाया गया था, और देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहे।
इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कर माता रानी का आशीर्वाद प्रदान किया गया। ग्रामीण अंचल से बड़ी संख्या में भक्तजन दर्शन और कार्यक्रमों का आनंद लेने पहुंचे।