लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नजदीक केंद्र मिलने पर अभिभावकों ने जताई खुशी
पादूकलां। कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में रविवार को नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) चयन परीक्षा का सफल आयोजन हुआ। इस वर्ष पादूकलां को परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर क्षेत्र के अभिभावकों में खुशी देखी गई। अभिभावकों का कहना था कि नजदीक केंद्र मिलने से विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ी, साथ ही समय और खर्च की बचत भी हुई।
वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान) पादूखुर्द रामप्रकाश डांगा ने बताया कि यह केंद्र प्रवर्तित छात्रवृत्ति योजना है, जिसमें केवल सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे कक्षा 8 के विद्यार्थी ही पात्र होते हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पारी में आयोजित की गई। परीक्षा दो भागों—
-
मानसिक योग्यता परीक्षा (MAT)
-
शैक्षिक योग्यता परीक्षा (SAT)
में विभाजित थी। कुल 180 प्रश्नों वाली इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को चार वर्षों तक प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति DBT के माध्यम से प्रदान की जाती है।
244 में से 213 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
परीक्षा केंद्र पर कुल 39 विद्यालयों से 244 विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 213 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 31 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
व्यवस्थाएं रहीं संतोषजनक
परीक्षा की व्यवस्था को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए
-
माइक्रो-ऑब्जर्वर जीवणराम बडियासर,
-
केंद्राधीक्षक सपना चौधरी,
-
अतिरिक्त केंद्राधीक्षक श्रीमती प्रियदर्शी,
-
परीक्षा प्रभारी गोपीचंद पारीक
सहित समस्त कार्मिकों ने जिम्मेदारीपूर्वक कार्य किया। उड़नदस्ता दल द्वारा निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
अभिभावकों ने जताया संतोष
अभिभावक उम्मेदसिंह सिला, कैलाश, दीपाराम, बाबूलाल, पवन, सुनील, श्रवणराम, मनोहर सिंह, चेनाराम, अनुसूया शर्मा, संजूलता, सरिता, सुगनाराम, बलदेवराम, बाबूलाल सहित अन्य ने नजदीक परीक्षा केंद्र मिलने और उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए संतोष व्यक्त किया।
पादूकलां में इस बार परीक्षा केंद्र बनाए जाने से न सिर्फ परीक्षार्थियों को सहजता मिली बल्कि अभिभावकों ने भी इसे शिक्षण व्यवस्था के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।















































