लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे में राजस्थान ग्रामीण बैंक और यूको बैंक में हजारों खाताधारक जुड़े हुए हैं। दोनों बैंक एटीएम कार्ड तो जारी कर देते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि पूरे कस्बे में एक भी एटीएम मशीन संचालित नहीं है। इससे लोगों को नकदी निकालने के लिए रियांबड़ी, डेगाना या मेड़ता सिटी तक 20–25 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि जब बैंक शाखाएं बंद रहती हैं तो काउंटर से निकासी संभव नहीं होती और एटीएम न होने के कारण पूरा कस्बा नकदी संकट में फंस जाता है। इस स्थिति का सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों और मजदूरों पर पड़ रहा है, जिन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी दूर-दराज के कस्बों तक जाना पड़ता है।
शाखा प्रबंधकों का कहना है कि एटीएम बंद होने और नई मशीन की आवश्यकता के संबंध में कई बार लिखित रूप में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द एटीएम स्थापित करने की मांग की है, ताकि उन्हें अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े और नकदी उपलब्धता बनी रहे।



















































