लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे में रामायण मंडल एवं पादूकलां के ग्रामवासियों के सहयोग से आर.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट, जैतारण के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार, 25 दिसंबर को विशाल निःशुल्क नेत्र जांच एवं लैंस प्रत्यारोपण (मोतियाबिंद ऑपरेशन) शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर प्रातः 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक राना शिक्षण संस्थान, गोरों का बास, अंबे चौक, पादूकलां में आयोजित होगा। इसमें आंखों से संबंधित सभी प्रकार की जांच निःशुल्क की जाएगी। आवश्यकता अनुसार चयनित मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन भी पूर्णतः निःशुल्क किए जाएंगे।
शिविर में मरीजों के लिए चाय, नाश्ता और आवश्यक दवाइयों की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। ऑपरेशन के पश्चात मरीजों को सात दिन की दवाइयां और काला चश्मा भी निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, शिविर स्थल से जैतारण स्थित अस्पताल तक मरीजों के आने-जाने की निःशुल्क सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
शिविर का संचालन दिव्य ज्योति हॉस्पिटल, जैतारण की विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम द्वारा किया जाएगा। वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं अनुभवी सर्जन डॉ. चंदन कल्ला की विशेष सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिनके मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीक से सुरक्षित और सफल नेत्र ऑपरेशन किए जाएंगे।
इस शिविर को सफल बनाने में श्री श्याम मित्र मंडल, चारभुजा मित्र मंडल, युवा गौ सेवा संगठन, श्री गोगाजी गोशाला सेवा समिति और श्री चारभुजा महिला मंडल, पादूकलां का सहयोग रहेगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सेवा शिविर का लाभ उठाएं।
















































