लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
11 केवी लाइन बनी खतरा: स्कूल–अस्पताल के सामने झूलते तारों से हादसे की आशंका
पादूकलां | कस्बे से डेगाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय और राजकीय अस्पताल के सामने से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन आमजन के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। विद्युत तारों के अत्यधिक नीचे लटकने और ढीले होने के कारण वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग अत्यंत व्यस्त रहता है। इसी रास्ते से गौशाला के लिए चारे से भरी ट्रॉलियां, स्कूल बसें, एंबुलेंस सहित अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। कई बार ऊंचे वाहनों के संपर्क में आने से विद्युत तारों को लेकर खतरनाक स्थिति बन जाती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हवा चलने पर तार और अधिक झूलने लगते हैं, जिससे खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
विद्यार्थियों और मरीजों पर मंडरा रहा खतरा
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि विद्यालय के सामने से प्रतिदिन सैकड़ों विद्यार्थियों का आवागमन होता है। वहीं, अस्पताल क्षेत्र होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है। इसके बावजूद अब तक सुरक्षा की दृष्टि से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जो चिंता का विषय है।
विभागीय लापरवाही से बढ़ रहा रोष
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार विद्युत विभाग से तारों को ऊंचा करने और ढीले तारों को कसने की मांग कर चुके हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस लापरवाही को लेकर कस्बेवासियों में रोष व्याप्त है।
आंदोलन की चेतावनी
कस्बेवासियों ने प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
-
विद्युत केबलों को मानक ऊंचाई पर किया जाए
-
ढीले और झूलते तारों को तुरंत कसकर सुरक्षित किया जाए
-
स्कूल और अस्पताल क्षेत्र में विशेष सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं


















































