लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोकेशन: जोधपुर | रिपोर्टर: ब्रजकिशोर पारीक
जोधपुर | ओसियां में पिछले दिनों दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष के बाद तनाव की स्थिति और गहरा गई है। मारपीट की घटना के बाद तेज रफ्तार से भाग रही पिकअप सोयला रोड पर गाजर से भरे ट्रक से भीषण रूप से टकरा गई। हादसा इतना खौफनाक था कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 5–6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को जोधपुर एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां किसान छात्र संघ के अध्यक्ष पुखराज लेगा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर फैलते ही ओसियां और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग एमजीएच हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों गुटों में लंबे समय से तनाव चला आ रहा था और उसी विवाद ने इस दुखद हादसे को जन्म दिया। पुखराज लेगा सामाजिक गतिविधियों और युवा नेतृत्व में सक्रिय थे, उनकी असमय मौत से समाज में गहरा शोक है।
पुलिस ने एहतियातन अस्पताल और ओसियां में सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी या तनावपूर्ण स्थिति को रोका जा सके। परिवारजन पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।
एक उभरते युवा नेता की हादसे में हुई मौत को समाज बड़ी क्षति के रूप में देख रहा है।


















































