लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हर्षोल्लास से मना प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
जोधपुर/ओसियां। जोधपुर जिले की ओसियां तहसील स्थित चान्द्रख गांव की पावन धरती पर करीब 500 वर्ष प्राचीन पाबूजी महाराज मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा एवं कलश स्थापना महोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्ष, उल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
महोत्सव के तहत जैन समाज द्वारा निर्मित केसर कालमी घोड़ी के निर्माण कार्य का उद्घाटन भी किया गया। वहीं मंदिर के मुख्य शिखर पर कलश स्थापना की बोली भामाशाह छत्र सिंह सोनीगरा परिवार ने 15 लाख रुपये की राशि देकर ली और विधिवत कलश स्थापित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह भव्य मंदिर समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से निर्मित हुआ है, जिसमें गांव के हर वर्ग ने तन-मन-धन से योगदान दिया। कलश स्थापना और केसर कालमी घोड़ी के उद्घाटन के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस दौरान “पाबूजी महाराज की जय” के गगनभेदी जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
इस आयोजन में परम आदरणीय सुमर सिंह जी पीडियार का विशेष और अमूल्य योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जनसहयोग सराहनीय रहा।
महोत्सव में दिल्ली, इरोड, जोधपुर, धनारी, नागौर सहित अन्य गांवों से भी जैन समाज एवं पाबूजी महाराज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पधारे। कार्यक्रम के दौरान भामाशाहों, कार्यकर्ताओं और गांव के प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया गया।
अंत में परम आदरणीय अनोप सिंह जी साहब ने सभी आगंतुकों, सहयोगकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया, जिसके साथ यह ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
















































